पटना| बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में 22 मार्च से तीन दिवसीय बिहार दिवस (Bihar Diwas 2023) का आयोजन होगा। इस वर्ष बिहार दिवस पर जीविका दीदियां आत्मनिर्भर बनने की यात्रा को अपनी प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शाएंगी।
बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति, जीविका की परियोजना समन्वयक महुआ राय चौधरी ने बताया कि इस बार जीविका का पवेलियन बिहार दिवस के विषय ‘युवा शक्ति बिहार की प्रगति’ पर आधारित रहेगा।
उन्होंने बताया कि जीविका का पवेलियन 20 हजार वर्गफुट में बनाया जाएगा। इसमें करीब 30 से अधिक स्टॉल्स जीविका दीदियों द्वारा लगाए जाएंगे। महुआ ने बताया कि बिहार दिवस पर पटना जिला समेत बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में जीविका दीदियां शामिल होंगी और अपने द्वारा बनाए उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगी।
उन्होंने कहा कि शुरुआत से लेकर अब तक 10 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूह में एक करोड़ से अधिक महिलाएं विभिन्न विषयों पर काम कर रही हैं। बिहार दिवस के मौके पर यह दीदियां अपने बेहतरीन उत्पादों को लेकर आएंगी और उत्पादों पर कैसे कार्य किया जा रहा है इसकी विस्तृत जानकारी देंगी।
जीविका दीदियां जिन-जिन परियोजनाओं पर कार्य कर रही है उसकी जानकारी अपने स्टॉल के माध्यम से देंगी। परियोजना समन्वयक ने बताया कि महिलाएं बताएंगी कि कैसे जीविका ने उनके और उनके परिवार की जिंदगी को बदला है।