पटना| बिहार में जनता और पुलिस के बीच रिश्ता मधुर हों इसी के उद्देश्य से पुलिस सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। पुलिस सप्ताह 27 फरवरी तक चलेगा। इसी कड़ी में 26 फरवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य के 500 थानों में महिला हेल्प डेस्क का उद्घाटन करेंगे। जिससे महिलाओं को काफी सहूलियत होगी।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार महिलाओं के साथ अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ आगे बढ़ता बिहार अब महिला पुलिस की संख्या के मामले में देशभर का अग्रणी राज्य है। अब हर थाने में महिला हेल्प डेस्क के साथ महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
एडीजी (कमजोर वर्ग) आर मलार बिजी ने बताया कि महिलाएं पुलिस में आ रही है। महिलाएं सशक्त हो रही है, महिला सिपाही दूसरी महिलाओं को सशक्त करेंगी। महिलाएं निर्भिक होकर अपनी समस्या को बता सकेंगी।
उन्होंने कहा कि जिले में उपलब्ध बल के अनुसार सभी थानों में इसके लिए एक-एक महिला जवान को तैनाती की जाएगी। उस महिला सिपाही का प्रशिक्षण भी करवाया जाएगा। कानून के बारे में उन्हें जानकारी दी जाएगी, ताकि आने वाले पीड़ित महिलाओं की मदद की जा सके।
उन्होंने कहा कि हर जिले में महिला थाना होने के बावजूद भी हर थाने में महिला डेस्क बनाने का मकसद है कि हर जिले में एक ही महिला थाना है। जहां महिलाओं को जाने-आने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
एडीजी ने कहा कि बिहार में अब महिलाएं आसानी से अपने नजदीकी किसी भी थाने में जाकर अपने महिला अधिकारी या सिपाही से अपनी समस्याओं को अवगत करवा सकती हैं।